ब्यूरो प्रतापगढ़। गौ माता को राज्य एवं राष्ट्र माता घोषित कराने तथा गौ संरक्षण के जनजागरण उद्देश्य से निकाली जा रही पूज्यपाद ज्योतिष्पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की 81 दिवसीय “गविष्ठि (गौ-रक्षार्थ-धर्म युद्ध) यात्रा” शुक्रवार 22 मई को बाघराय क्षेत्र पहुंचेगी। यात्रा के आगमन को लेकर क्षेत्र के गौभक्तों एवं ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार यात्रा दोपहर लगभग 2 बजे बाघराय बाजार पहुंचेगी, जहां सब्जी मंडी स्थल पर श्रद्धालुओं द्वारा पूज्य शंकराचार्य का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद शोभायात्रा के रूप में उन्हें पाण्डेय भवन स्थित शिव मंदिर, रोर खास ले जाया जाएगा। वहां जगद्गुरु शंकराचार्य श्रद्धालुओं को आशीर्वचन एवं धर्म मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम के आयोजक एवं प्रधान प्रतिनिधि अधिवक्ता संतोष पाण्डेय ने क्षेत्रवासियों,गौभक्तों एवं धर्मावलंबियों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर यात्रा का स्वागत करने और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने की अपील की है। कार्यक्रम के उपरांत यात्रा अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना होगी।
“जय गौ माता, जय जगन्नाथ” के उद्घोष के साथ क्षेत्र में धार्मिक एवं आध्यात्मिक माहौल बना हुआ है।


