ब्यूरो प्रतापगढ़। विकासखंड के झींगुर ग्राम पंचायत स्थित भगवन तिराहा में चल रही श्रीराम कथा के चौथे दिन कथा व्यास आचार्य अतुल जी महाराज ने श्रीराम की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीराम ने बाल्यकाल में ही गुरुओं से समस्त विद्याओं का ज्ञान प्राप्त कर मानव मर्यादाओं का पालन किया।
आचार्य अतुल जी ने ताड़का, मारीच व सुबाहु वध की कथा सुनाते हुए बताया कि प्रभु की लीलाओं से जीवन में धर्म, संयम व सेवा की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को भाव से प्रभु की सेवा करनी चाहिए, क्योंकि अंत समय में केवल प्रभु का नाम ही साथ जाता है।
कथा में श्रीराम-जानकी विवाह का भी सुंदर प्रसंग सुनाया गया। इस अवसर पर मुख्य यजमान रेनू द्विवेदी व सुनील द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


