ब्यूरो प्रतापगढ़। विकासखंड बिहार की ग्राम पंचायत सरांय महासिंह में भीषण शीतलहर से बचाव के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान सुशील सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों को कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रधान के सहयोगी मोहन राज तमिलनाडु प्रदेश निवासी सहित परिवारजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान सुशील सिंह ने ग्रामीण महिलाओं के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जिसे ग्रामीणों ने भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान की सजीव मिसाल बताया। प्रधान ने बताया कि यह सेवा कार्य अयोध्या में श्रीराम मंदिर उद्घाटन के समय से लगातार जारी है, जिसका उद्देश्य ग्रामसभा के किसी भी गरीब, असहाय अथवा वृद्ध को ठंड से पीड़ित न होने देना है।
प्रधान सुशील सिंह ने कहा कि उन्हें यह प्रेरणा जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ की “सेवा परमो धर्म:” की नीति से मिलती है। उन्होंने बताया कि राजा भैया द्वारा समय-समय पर गरीब कल्याण को लेकर दिए जाने वाले मार्गदर्शन से समाज सेवा के कार्यों को बल मिलता है।
इस अवसर पर तमिलनाडु से आए मोहन राज ने राजा भैया के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि चार वर्ष पूर्व बेंती कोठी में हुई मुलाकात के बाद से वे उनके विचारों से प्रभावित हैं। उन्होंने राजा भैया को जनप्रिय, सर्वमान्य और अद्वितीय राजनेता बताया।
कार्यक्रम के समापन पर ग्राम प्रधान सुशील सिंह ने “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः” सूक्ति का उल्लेख करते हुए नारी सम्मान पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नारी सम्मान से ही समाज सशक्त और समृद्ध बनता है।
कंबल वितरण कार्यक्रम से ग्राम पंचायत सरांय महासिंह में ठंड के बीच सेवा, संवेदना और सामाजिक एकता का संदेश गूंज उठा।


