ब्यूरो रिपोर्ट बिहार प्रतापगढ़। निजी खुशियों को जनकल्याण से जोड़ने की अनूठी मिसाल पेश करते हुए युवा समाजसेवी ऋषभ यादव (नेताजी) ने अपने भतीजे रुद्रांश यादव के प्रथम जन्मदिन को इतिहास में दर्ज करा दिया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों के स्वास्थ्य संरक्षण को सर्वोपरि रखते हुए ग्रामसभा को निःशुल्क एवं अत्याधुनिक एम्बुलेंस सेवा भेंट की, जिससे क्षेत्रवासियों में हर्ष और उत्साह की लहर दौड़ गई।
विकास क्षेत्र के लोदीपुर देवरपट्टी गाँव निवासी ऋषभ यादव ने यह साबित कर दिया कि समाज के प्रति संवेदनशील सोच ही सच्चा उत्सव होती है। ग्रामीण अंचल में समय पर चिकित्सा सुविधा की कमी को महसूस करते हुए उन्होंने यह एम्बुलेंस सेवा शुरू कराई, जो अब जरूरतमंदों के लिए जीवनरक्षक साबित होगी।
इस जनसेवा कार्य का औपचारिक शुभारंभ कौशाम्बी के सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि “जब युवा अपनी खुशियों को समाज की भलाई से जोड़ते हैं, तभी स्वस्थ और सशक्त भारत का निर्माण होता है। ऋषभ यादव की यह पहल प्रशंसनीय और प्रेरणादायक है।”
कार्यक्रम स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। लोगों का कहना था कि यह एम्बुलेंस न केवल आपातकालीन स्थितियों में जान बचाएगी, बल्कि गरीब और असहाय परिवारों के लिए संजीवनी का काम करेगी।
इस अवसर पर गिरीश पासी सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान जनसेवा की भावना और उत्साह साफ झलकता रहा।
निःसंदेह, यह पहल बताती है कि सच्ची खुशियाँ वही हैं जो दूसरों के जीवन में राहत बनकर उतरें।


