ब्यूरो प्रतापगढ़। विकास खंड की ग्राम पंचायत उतरार गोगहर में लंबे समय से फसलों को नुकसान पहुँचा रहे आवारा पशुओं से परेशान किसानों को रविवार को बड़ी राहत मिली। सुनियोजित अभियान के तहत 68 आवारा पशुओं को सुरक्षित रूप से पकड़कर लक्ष्मणपुर विकास खंड स्थित देवली गौशाला भेजा गया।
ग्रामीणों द्वारा की जा रही लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि व व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद यादव (हीरागंज) तथा ग्राम विकास अधिकारी संदीप कुमार की उपस्थिति में यह कार्रवाई संपन्न कराई गई। पंचायत प्रशासन और ग्रामीणों के आपसी सहयोग से पशुओं को वाहनों के माध्यम से सुरक्षित ढंग से गौशाला पहुँचाया गया, जिससे खेतों में खड़ी फसलों को हो रहे नुकसान पर प्रभावी रोक लग सकी।
अभियान के सफल होने पर किसानों ने राहत की सांस ली और पंचायत प्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना की। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि आवारा पशुओं की समस्या से स्थायी निजात मिल सके।
इस अवसर पर पूर्व बीडीसी राम सुमेर पाल, बीडीसी घनश्याम सरोज, शिव बहादुर सरोज, जगदीश सरोज, संजय गौतम, श्यामू सरोज, विकास सरोज, भैयाराम यादव, वीरेंद्र पाल, बीनू श्रीवास्तव, संदीप यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


