Rashtriya Lakshya: Online News Portal

भदरी बनी जनसत्ता कप लरू की चैंपियन,फतेहुल्लहपुर मानिकपुर को करारी शिकस्त

भदरी बनी जनसत्ता कप लरू की चैंपियन,फतेहुल्लहपुर मानिकपुर को करारी शिकस्त

ब्यूरो प्रतापगढ़। विकासखंड बाबागंज की ग्राम पंचायत लरू में आयोजित जनसत्ता कप लरू क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला जबरदस्त रोमांच और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। खिताबी मुकाबले में भदरी की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फतेहुल्लहपुर मानिकपुर को 102 रन के विशाल अंतर से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए भदरी ने निर्धारित 10 ओवरों में 144 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से विवेक ने सर्वाधिक 31 रन बनाए, जबकि अनीश ने 26 और पवन ने 25 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर भदरी ने विपक्ष के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी फतेहुल्लहपुर मानिकपुर की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम मात्र 42 रन पर सिमट गई। भदरी के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। विवेक ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए फतेहुल्लहपुर के कप्तान मनोज कुमार को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया।
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में कुंवर अक्षय प्रताप सिंह (एमएलसी, प्रतापगढ़), विनोद सरोज (विधायक, बाबागंज), जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप पटेल व पूर्व प्रमुख पंकज सिंह मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना की सराहना की।
विजेता टीम को ग्राम प्रधान मुलायम सिंह यादव द्वारा ₹31,000 नगद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता टीम को ₹16,000 नगद व ट्रॉफी प्रदान की गई।
इस अवसर पर क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में युवाओं का उत्साह देखते ही बनता था और मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *